गोमिया: गोमिया के स्वांग वासरी क्षेत्र में आज एक दर्दनाक हादसे में दिहाड़ी मजदूर की हाईवा (डंपर) के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना बैंकर के समीप हुई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय नागेंद्र साहनी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार नागेंद्र साहनी मूल रूप से बिहार के वैशाली जिला के निवासी थे और वर्तमान में वन-बी शिव मंदिर के पास रहकर ठेला लगाकर पकौड़ी-समोसा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिवार में पत्नी समेत तीन बेटियां हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि तीसरी बेटी की शादी आगामी मई माह में तय थी। इस असामयिक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर विरोध जताया। बाद में आपसी सहमति के तहत वाहन मालिक द्वारा 1 लाख 50 हजार रुपये तथा प्रबंधन की ओर से 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनी, जिसके बाद शव को उठाया जा सका।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजन शव को पैतृक गांव ले जाने की तैयारी में जुटे हैं। स्थानीय लोगों ने मृतक परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।