मनिका।
मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत बिसुनबाँध पंचायत के ग्राम बीकरा स्थित वन भूमि में अवैध रूप से की जा रही पोस्ता की खेती पर पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान करीब 2.5 एकड़ क्षेत्र में फैली पोस्ता की फसल को ट्रैक्टर चलाकर एवं लाठी-डंडों की मदद से पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने किया। उन्होंने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध मनिका पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पोस्ता की खेती न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि समाज और युवाओं के भविष्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। इसी को देखते हुए वन भूमि में की जा रही इस गैरकानूनी खेती को नष्ट किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस बल के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र की सघन तलाशी ली गई तथा इस अवैध खेती से जुड़े लोगों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी अवैध कार्य की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके।