पाकुड़।शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कार्य से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मतदान कर्मियों के लिए बनाए जा रहे वज्रगृह (स्ट्रांग रूम), डिस्पैच सेंटर, रिसीविंग सेंटर एवं मतगणना केंद्र का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदान एवं मतगणना से संबंधित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है, इसलिए सभी तैयारियां गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरी की जानी चाहिए।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराया जा सके।