- अनुशासन, समयपालन एवं कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का दिया संदेश
पाकुड़।
पाकुड़ समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में आज मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
बताया गया कि शनिवार को आयोजित जिला अनुकम्पा समिति की बैठक में की गई अनुशंसा के आलोक में कुल चार आश्रित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की गई। इसके तहत समाहरणालय संवर्ग में श्री संजय राय एवं श्री श्यामचंद्र को अनुसेवक पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा गया। वहीं शिक्षा विभाग में श्री दीपक हांसदा एवं श्री कौशिक साहू को लिपिक (क्लर्क) पद पर नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि सेवा के दौरान दिवंगत हुए सरकारी कर्मियों के आश्रित परिवारों को समय पर आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की एक संवेदनशील पहल है। अनुकम्पा के आधार पर दी जाने वाली नियुक्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है।
नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान उपायुक्त ने सभी नव-नियुक्त कर्मियों को कार्यस्थल पर अनुशासन, समयपालन एवं कर्तव्यनिष्ठा का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी कर्मी पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में योगदान देंगे।