- नामधारी कॉलेज में विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स को नशामुक्ति का संदेश
गढ़वा। प्रतिनिधि — अनूप कुमार गुप्ता,
गढ़वा : माननीय सर्वोच्च न्यायालय नालसा, नई दिल्ली के निर्देशन में तथा उच्च न्यायालय झालसा, रांची के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा द्वारा गुरुवार को नामधारी कॉलेज, गढ़वा में नशा उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा मनोज प्रसाद के आदेश पर तथा सचिव निभा रंजना लकड़ा के नेतृत्व में नालसा “डॉन योजना 2025 – ड्रग अवेयरनेस एंड वैलनेस नेविगेशन” के अंतर्गत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स को “ड्रग्स फ्री इंडिया प्रोग्राम” के तहत नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और मानसिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। सचिव निभा रंजना लकड़ा ने अपने संबोधन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में नव निहाल बच्चों और महिलाओं के माध्यम से ड्रग्स तस्करी एवं नशे के दुरुपयोग में असाधारण वृद्धि एक गंभीर और चिंताजनक विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बादी की ओर ले जाता है तथा इसका सीधा असर राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है।
इस अवसर पर नामधारी कॉलेज के विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा “नशा से मुक्ति – नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शराब और मादक पदार्थों का सेवन परिवारिक कलह, आर्थिक संकट और सामाजिक पतन का मुख्य कारण बनता है।
कार्यक्रम में एलएडीसीएस सदस्य सुधीर तिवारी ने संविधान के अनुच्छेद 39, निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था तथा टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति बिना किसी भय के विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
पीएलपी द्वारा मंच संचालन करते हुए कहा गया कि ड्रग्स और नशे की लत निर्दोष बच्चों एवं महिलाओं को अपने भयानक शिकंजे में ले रही है, जो मानव समाज के लिए गंभीर खतरा है। कॉलेज की प्राचार्य नीता ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर मनोज कुमार पाठक ने किया। इस अवसर पर कई महिला प्रोफेसर, पीएलवी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।