प्रेम कुमार साहु,
घाघरा प्रखंड अंतर्गत मसरिया डैम के समीप राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन द्वारा बनभोज सह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार नीलेश ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि तेली-साहू समाज को संगठित होकर एक मंच पर आना होगा, तभी समाज की राजनीतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक स्थिति सशक्त होगी। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और संगठन से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गायत्री देवी ने अपने संबोधन में महिलाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
वहीं प्रदेश कार्यकारी युवा अध्यक्ष मनोज साहू ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, सदस्यता अभियान को तेज करने तथा समाज की समस्याओं को एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष रखने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन आदित्य कुमार साहू ने किया।
इस अवसर पर आजाद साहू, लिपट साहू, पवन कुमार साहू, गगन साहू सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।