लातेहार। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह ने योगदान करते ही शुक्रवार को अपने प्रथम कार्यदिवस में ही एक विचाराधीन अपील वाद का सफल निष्पादन कर न्यायिक सक्रियता का परिचय दिया। चेक बाउंस से जुड़े अपील वाद संख्या 72/25 में लगभग 92 लाख रुपये क्षतिपूर्ति के मामले को आपसी सुलह के आधार पर निपटाया गया।
मामले की सुनवाई के दौरान प्रतिवादी निजामुद्दीन अपने अधिवक्ता सुनील कुमार के साथ अदालत में उपस्थित हुए और उन्होंने सजा में निर्धारित क्षतिपूर्ति की राशि प्राप्त हो जाने की जानकारी दी। वहीं, अपीलार्थी मंजर काशमी आलम की ओर से अधिवक्ता कुमार अमित ने न्यायालय के समक्ष तथ्य प्रस्तुत करते हुए अपील स्वीकार करने का अनुरोध किया। उभय पक्षों की ओर से अदालत में सुलहनामा दाखिल किया गया।
दायर सुलहनामा के आधार पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सिंह ने मामले को रिकॉल करते हुए खुली अदालत में अपना फैसला सुनाया और सजायाफ्ता मंजर काशमी आलम को सुलह के आधार पर रिहा करने का आदेश पारित किया। उल्लेखनीय है कि इस मामले में अगली तिथि 22 जनवरी निर्धारित थी, लेकिन सुलहनामा दाखिल होते ही त्वरित निष्पादन से पक्षकारों ने अदालत के प्रति गहरी आस्था व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शीघ्र सुनवाई से उन्हें बार-बार न्यायालय आने-जाने की परेशानी से राहत मिली है।
पीडीजे श्री सिंह के प्रथम कार्यदिवस पर जिला अधिवक्ता संघ द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। संघ अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव की अध्यक्षता में आयोजित स्वागत समारोह में अधिवक्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि बार और बेंच का संबंध सदैव गहरा और सहयोगात्मक रहा है, और न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए अधिवक्ताओं के सहयोग की अपेक्षा जताई।
संघ अध्यक्ष श्री शाहदेव ने आश्वस्त किया कि जिला अधिवक्ता संघ की ओर से बेंच को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। पूर्व अध्यक्ष राजमणि प्रसाद ने भी पूर्व की भांति सहयोग बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन वरीय अधिवक्ता जी.पी. शमशुल कमर खान ने शेरो-शायरी के माध्यम से किया, जबकि विषय प्रवेश अधिवक्ता प्रिंस कुमार ने कराया।
अपने न्यायिक कार्यों के निष्पादन के उपरांत पीडीजे श्री सिंह ने न्यायिक अधिकारियों एवं एलडीसी अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा की और उनके तेज गति से निष्पादन के निर्देश दिए। इससे पूर्व उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने उनसे औपचारिक मुलाकात की।