लातेहार:दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) की तुबेद कोयला खान में 68वां सुरक्षा सप्ताह मंगलवार को पूरे उत्साह, जागरूकता और अनुशासन के साथ मनाया गया। सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देना रहा।
माइंस सेफ्टी वीक, जिसे एनुअल माइंस सेफ्टी वीक / मेटैलिफेरस माइंस सेफ्टी वीक भी कहा जाता है, भारत के माइनिंग सेक्टर में हर वर्ष मनाया जाता है। इसका आयोजन भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (DGMS) द्वारा किया जाता है। इस अवसर पर सीसीएल मगध क्षेत्र के अधिकारियों द्वारा तुबेद कोयला खान का निरीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से परियोजना अधिकारी सह जीएम (एम) एवं टीम लीडर श्री एस. सत्यनारायण, आईएसओ सीसीएल श्री अशोक कुमार, प्रबंधक सह चीफ मैनेजर (एम) श्री डी.के. ओझा, पीई (ईएंडएम) श्री जॉर्ज लोंगा, पीई (एक्स) श्री अनुज कुमार बर्नवाल, कोलियरी सर्वेयर श्री लालचंद महतो, एमआई (एम) श्री सूरज तिवारी, एमआई (ईएलई) श्री सुजीत कुमार एवं एमआई (मैकेनिकल) श्री राहुल सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ तुबेद कोयला खान के वरिष्ठ महाप्रबंधक (खनन) सह परियोजना प्रधान श्री अरविंद कुमार ठाकुर ने किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सुरक्षा सप्ताह हमें सुरक्षा की शपथ को दोहराने और खान को अधिक सुरक्षित बनाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि यह खान पिछले तीन वर्षों से संचालित है और प्रारंभिक अवस्था में होने के बावजूद सुरक्षा के सभी मानकों को अपनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने के लिए गंभीर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर सुरक्षा से संबंधित प्रदर्शनी, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। साथ ही सुरक्षा मानकों का बेहतर ढंग से पालन करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
डीवीसी के उप महाप्रबंधक (खनन) सह सुरक्षा पदाधिकारी श्री दीपक कुमार ने कहा कि सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी और संस्कार है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।