गढ़वा:-प्रखंड के हसनदाग स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बृहस्पतिवार को नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन बाबू दिनेश सिंह डेंटल कॉलेज के मुख्य दंत चिकित्सक डॉ. ए.के. सिंहा एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।
शिविर में बच्चों एवं ग्रामीणों के दांतों की जांच की गई और जरूरतमंदों के बीच नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। डॉक्टरों ने दंत रोगों के कारण, उनके समय पर उपचार की आवश्यकता एवं दांतों की सही सफाई के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दांत हमारे मुख का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनके खराब होने से न केवल सुंदरता प्रभावित होती है बल्कि पाचन शक्ति पर भी नकारात्मक असर पड़ता है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कहा कि दांतों की लंबी उम्र और बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित सफाई व समय-समय पर जांच कराना जरूरी है।
शिविर में विद्यालय की शिक्षिका प्यारी लाल, डॉक्टर सचिन दुबे, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. श्रेया रानी, डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. स्वाती केशरी, छात्र-छात्राएं और हसनदाग गांव के कई ग्रामीण उपस्थित रहे।