संवाददाता – मेदिनीनगर
चैनपुर प्रखंड के सलतुआ पंचायत स्थित बहेरा कला नर्सरी ग्राउंड में 2025 का महाराजा मेदिनीराय जिला स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट बड़े ही उत्साह और जोश के साथ शुरू हुआ। आयोजन स्थल पर हजारों की संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।
टूर्नामेंट का संचालन समिति अध्यक्ष विश्वास सिंह उर्फ गुडन (पूर्व विधायक प्रत्याशी, डाल्टनगंज विधानसभा) के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ सचिव फारूक अंसारी, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह, तथा मंच संचालन विगेश्वर सिंह एवं गुडल सिंह ने संभाला। मैच संचालन में रेफरी हरिलाल सिंह, उमेश सिंह, लाइनमैन करण सिंह, नमरी सिंह, तथा गोल जजमेंट विनय सिंह और जीतू सिंह शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनिका विधायक एवं राष्ट्रीय चेरो जनजातीय महासंघ के प्रधान महासचिव रामचंद्र सिंह थे।
उद्घाटनकर्ता के रूप में राष्ट्रीय चेरो जनजातीय महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक अवधेश सिंह उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सलाहकार भरदुल सिंह, जिला परिषद पूर्वी चैनपुर के पूर्व सदस्य फ़जायल अहमद, जिला परिषद मध्य चैनपुर के प्रमोद कुमार सिंह, पांडव सिंह (SI), आशुतोष सिंह (चेरो अगुआ), तथा किसान महासभा पलामू के जिला अध्यक्ष उमेश सिंह उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट के रोमांचक मैच में आरएफसी जयनगरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसटी ब्रदर्स टेमराई को 3–2 गोल से पराजित किया। खिलाड़ियों के उम्दा खेल ने दर्शकों को पूरे समय बांधे रखा।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि बच्चे जिस वन भूमि पर खेल रहे हैं, उसे जल्द ही आधिकारिक रूप से खेल मैदान घोषित कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि इलाके के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अधिक से अधिक खेल मैदानों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि युवाओं को बेहतर मंच मिल सके।
ग्रामीणों के उत्साह और खिलाड़ियों के उम्दा प्रदर्शन ने इस टूर्नामेंट को यादगार बना दिया।