बरहरवा। झारखंड राज्य के गठन के 25वें स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बरहरवा प्रखंड कार्यालय, पतना प्रखंड कार्यालय एवं नगर पंचायत कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार की सुबह रन फॉर झारखंड कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और जोश के साथ किया गया। यह विशेष कार्यक्रम राज्य गौरव, एकता और ऊर्जा का प्रतीक बना।
सुबह आठ बजे पतना चौक से आरंभ हुई यह दौड़ बरहरवा स्टेशन चौक तक पहुंची और फिर वहीं से पुनः पतना चौक लौटकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “झारखंड अमर रहे”, “स्वच्छ, सशक्त और समृद्ध झारखंड हमारा सपना” जैसे नारे लगाते हुए वातावरण को जोश और देशभक्ति से भर दिया। दौड़ में तीनों कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, समाजसेवी, व्यवसायी वर्ग, स्कूल के छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
युवाओं और बच्चों में राज्य स्थापना दिवस को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बरहड़वा बीडीओ सन्नी कुमार दास, पतना बीडीओ सह सीओ कुमार देवेश द्विवेदी, बरहड़वा सीओ अनोज कुमार, तथा नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि रन फॉर झारखंड राज्य की एकता और समर्पण की भावना को मजबूत करने का प्रतीक है।कार्यक्रम के समापन पर जलपान वितरित किया गया।
बरहरवा बीडीओ सन्नी कुमार दास ने कहा कि “रन फॉर झारखंड का उद्देश्य राज्य स्थापना दिवस की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। यह कार्यक्रम झारखंड की एकता, समर्पण और विकास की दिशा में लोगों को प्रेरित करता है। पतना बीडीओ सह सीओ द्विवेदी ने कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलते हुए हमें राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।बरहरवा सीओ अनोज कुमार ने कहा कि “आज के इस कार्यक्रम ने साबित कर दिया कि झारखंड की नई पीढ़ी अपने राज्य के प्रति समर्पित और गर्वित है।
नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि “नगर क्षेत्र के लोगों की भागीदारी बताती है कि झारखंड दिवस अब केवल उत्सव नहीं, बल्कि जनआंदोलन का प्रतीक बन गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान और संघर्ष से हमें प्रेरणा लेकर झारखंड को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक दास, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, मनरेगा बीपीओ विजय कुमार, जयनाथ सिंह, अमीन शेख, नेहाल अख़्तर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।