सब्जी दुकानदारों के पक्ष में आगे आएं मजदूर नेता बंटी सिंह
Jamshedpur news

जमशेदपुर : मनीफीट टीओपी चौक के समीप सब्जी दुकानदारों के पक्ष में आगे आएं मजदूर नेता बंटी सिंह। उन्होंने दल-बल के साथ मनीफीट पहुंचकर दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई पर विरोध जताया। दुकानदारों के साथ कार्रवाई का विरोध करते हुए सड़क जाम कर दिया।
जिससे आवागमन प्रभावित हुई। बाद में पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप से सड़क जाम हटा। स्थिति की नजाकत को समझते हुए जिला प्रशासन की ओर से त्वरित पहल कर स्थानीय कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता कराई गई। जिसमें कंपनी प्रबंधन की ओर से सुनील सिंह, बर्मामाइंस थाना प्रभारी, टेल्को थाना प्रभारी, गोविंदपुर थाना प्रभारी तथा दुकानदारों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई।

वार्ता में दुकानदारों का पक्ष समाजसेवी सह मजदूर नेता बंटी सिंह और आजसू नेता अप्पू तिवारी ने रखा। फिलहाल दुकानदारों को दो माह की मोहलत देने पर सहमति बनी, ताकि इस दौरान उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर बातचीत की जा सके।
बंटी सिंह ने कहा कि दुकानदारों को हटाने से पहले टाटा कंपनी को उन्हें व्यवस्थित तरीके से बसाने की व्यवस्था करनी होगी। वर्षों से दुकान लगाकर परिवार चला रहे सब्जी दुकानदारों को अचानक उजाड़ना उचित नहीं है। कंपनी यदि दुकान हटाना चाहती है तो पहले वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराए।
उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से जेम्को से मनीफीट मार्ग पर दुकान लगाने की अनुमति की बात कही जा रही है, जबकि दुकानदारों की मांग है कि उन्हें डीवीसी के समीप उपयुक्त स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति दी जाए। इसी मुद्दे को लेकर कंपनी और दुकानदारों के बीच पूर्व से विवाद चला आ रहा है।
बंटी सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि दो दिनों के भीतर पुनः वार्ता की जाएगी। यदि दुकानदारों के मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया और उन्हें उचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई, तो दुकानदारों के हित में आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर कंपनी गेट जाम कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि दुकानदारों के रोजगार, सम्मान और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। प्रशासन और कंपनी प्रबंधन को ऐसा समाधान निकालना चाहिए.
जिससे दुकानदारों का रोजगार भी बचा रहे और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो। इस दौरान बंटी सिंह , अप्पू तिवारी,मुन्ना चौबे, चिंटू सिंह, हृतिक चौबे, सविता सिंह, लाडी सिंह, शांति देवी, पिंकी सिंह समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
![]()




