लातेहार।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता ने शुक्रवार को ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वोटर वेरीफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) उपकरणों की भौतिक स्थिति, रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा रिकॉर्ड संधारण की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, तैनात सुरक्षा बलों और अग्निशमन यंत्रों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सशस्त्र बलों को सतर्क एवं जिम्मेदार बने रहने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी निर्देशों और मानकों का पालन पूर्ण तत्परता के साथ किया जाना चाहिए।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती मेरी मड़की एवं निर्वाचन कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।