लातेहार। दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और दोपहिया वाहन चालकों द्वारा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त लातेहार श्री उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान 24 और 25 सितंबर, 2025 को लातेहार, मनिका, चंदवा और बालूमाथ थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में अंचल अधिकारी चंदवा सुमित कुमार मिश्रा, अंचल अधिकारी बालूमाथ बालेश्वर राम, मोटरयान निरीक्षक लातेहार सुनील कुमार, परिवहन विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल ने वाहन चालकों की सक्रिय रूप से जांच की। अभियान का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों द्वारा नियम विरुद्ध वाहन संचालन को रोकना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
दो दिनों के अभियान में कुल 140 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान 65 चालकों पर चालान किया गया और कुल 82,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस अभियान से सड़क सुरक्षा और नियम पालन के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने में मदद मिली।