बरहरवा।
राजमहल शहर के पीएम श्री मध्य विद्यालय नयाबाजार में सोमवार को गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) रॉबिन चंद्र मंडल ने की। इस अवसर पर विद्यालय संचालन और शिक्षण-शिक्षण प्रक्रिया से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बीईईओ ने विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर में गुणवत्तापूर्ण सुधार लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार तभी संभव है जब शिक्षक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने और अनुशासनात्मक वातावरण बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर बीपीओ कुणाल किशोर ने शिक्षकों को कई प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने इवीवी में उपस्थिति दर्ज करने, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) का मासिक प्रतिवेदन देने, इको क्लब का प्रतिवेदन तैयार करने, यू-डाइस में समय पर एंट्री करने, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े प्रतिवेदन भेजने, तथा ई-विद्या वाहिनी में रिजल्ट अपलोड करने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि सभी कार्य समय पर पूर्ण करें, ताकि बच्चों की शिक्षा और विद्यालय का प्रबंधन बेहतर तरीके से हो सके।
गोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने भी अपने सुझाव रखे और शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक का उद्देश्य शिक्षकों को जागरूक करना और उन्हें शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रेरित करना रहा।
मौके पर अशोक कुमार महतो, श्रवण यादव, अशोक भगत, आरटी पार्थ मंडल, दिलीप कुमार, प्रकाश भान राय, निर्मला मरांडी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।