बरहरवा:-गंगा का जलस्तर घटने के बाद 19 दिनों से ठप पड़ी राजमहल–मानिकचक फेरी सेवा सोमवार से यात्रियों के लिए पुनः शुरू कर दी गई। घाट प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल केवल यात्रियों और दोपहिया वाहनों का परिचालन हो रहा है।
फेरी का संचालन प्रतिदिन निर्धारित समय पर होगा—राजमहल से सुबह 8:30 बजे और दोपहर 2:30 बजे, वहीं मानिकचक से सुबह 10:30 बजे और शाम 4:30 बजे सेवा उपलब्ध होगी।
भारी मालवाहक वाहनों का परिचालन अभी बंद रखा गया है। घाट प्रबंधन ने बताया कि गंगा का जलस्तर और घटने पर स्थिति की समीक्षा के बाद ही मालवाहक फेरी सेवा शुरू की जाएगी।
फेरी सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। खासकर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं और व्यावसायिक कार्यों के लिए पश्चिम बंगाल आने-जाने वालों को अब आसानी होगी।