बरहरवा (साहिबगंज):
उधवा प्रखंड सभागार कक्ष में सोमवार को क्षेत्रीय विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
पेंशन योजना और बाढ़ग्रस्त इलाकों की समस्या प्रमुख
बैठक के दौरान लोगों ने विधायक के समक्ष मुख्य रूप से पेंशन योजना के फार्म लंबित रहने, बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पर्याप्त राहत सामग्री वितरण की कमी और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।
विधायक ने दिए सख्त निर्देश
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनता को पर्याप्त समय दें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी कार्य के लिए कई बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। सभी लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
लोगों में दिखी उम्मीद
विधायक के आश्वासन से उपस्थित लोगों में उम्मीद की भावना दिखी। उनका कहना था कि यदि अधिकारी समय पर समस्याओं का निपटारा करेंगे तो ग्रामीणों को काफी सुविधा होगी और अनावश्यक परेशानियों से बचा जा सकेगा।