
बरहरवा। मॉडल कॉलेज, मुरली में सोमवार को 55वां विश्व पृथ्वी दिवस उत्सव बड़े ही जागरूकता पूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की अगुवाई कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर छात्रों ने कॉलेज परिसर में लगे पेड़-पौधों को पानी देकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
प्रधानाचार्य डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “पृथ्वी अपने संदेश प्रकृति की सुंदरता और समय-समय पर आने वाली आपदाओं के माध्यम से देती है। हमने पृथ्वी का शोषण कर उसे बहुत क्षति पहुंचाई है, अब समय आ गया है कि हम जागें और अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं। अगर अब भी नहीं चेते, तो हमारा यह ‘ब्लू प्लैनेट’ हमसे विदा ले सकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि आठ अरब लोगों के लिए एक चेतावनी और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
इस कार्यक्रम में विवेक कुमार महतो, डॉ. रमजान अली, मोहन सिंह, सुमित कुमार, बबलू हेंब्रम, करमू महतो सहित दर्जनों छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।