चतरा:पुलिस ने टीपीसी एरिया कमांडर सहित 2 उग्रवादियों को किया गिरफ्तार:कई हथियार बरामद


Chatra:-चतरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने ट्रांसपोर्टिंग कार्य में लगे हाइवा में आगजनी करने वाले टीपीसी उग्रवादी संगठन के एरिया कमांडर नीरज गंझू और धनेश्वर करमाली को बेंती बरवाटोली जंगल से गिरफ्तार कर लिया है.इनके पास से एक कार्बाइन, यूएसए मेड पिस्टल, एक देसी पिस्टल, पांच जिंदा गोली, टीपीसी का पर्चा, मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद हुए हैं. जानकारी के अनुसार, पिपरवार थाना क्षेत्र के बेलारी में बीते 19 दिसंबर को जय अंबे ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के दो हाईवा में उग्रवादियों ने आगजनी की थी. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया था. टीम ने तत्परता दिखायी और दस दिनों के अंदर कार्रवाई करते हुए दोनों उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया.गिरफ्तार दोनों उग्रवादियों का आपराधिक इतिहास रहा है. एरिया कमांडर नीरज गंझू के खिलाफ लातेहार जिले के बालूमाथ थाना में एक मामला दर्ज है. जबकि धनेश्वर करमाली के खिलाफ रांची के खलारी थाना में एक और चतरा के पिपरवार थाना में दो मामले दर्ज हैं. पूछताछ के दौरान दोनों उग्रवादियों ने पुलिस के समक्ष घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. कहा कि टीपीसी संगठन के नाम पर लेवी वसूली और भय पैदा करने के उद्देश्य से हाईवा में आगजनी की थी.चतरा एसपी राकेश रंजन ने नक्सलियों से मुख्य धारा में जुड़ने की अपील की ह. उन्होंने कहा कि वह हिंसावादी विचारधारा को छोड़कर आत्मसमर्पण करें और झारखंड सरकार की नयी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ लेकर मुख्य धारा से जुड़े. झारखंड सरकार ने आत्मसमर्पण नीति को और अधिक सुगम बनाया है. जिससे आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली को 24 घंटे के अंदर ओपन जेल में शिफ्ट किया जा सकेगा. सभी नक्सली इस सुविधा का लाभ उठायें और नक्सलवाद की विचारधारा को त्याग कर मुख्य धारा में शामिल हों.
![]()




