आधार कार्ड के अभाव में 10 वर्षीय बच्चे का स्कूल में नहीं हो पा रहा नामांकन
मनिका के हेसातु गांव का मामला, परिजनों ने मुखिया और पंचायत सेवक से लगाई गुहार; जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने से बढ़ी परेशानी

संतोष प्रसाद की रिपोर्ट,
मनिका (लातेहार)। सरकारी व्यवस्था की जटिलताओं के कारण एक गरीब परिवार का करीब 10 वर्षीय बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित होने की स्थिति में है। मनिका प्रखंड मुख्यालय के डोंकी पंचायत अंतर्गत हेसातु गांव निवासी राकेश कुमार (लगभग 10 वर्ष), पिता राजेंद्र सिंह का अब तक आधार कार्ड नहीं बन पाया है। आधार कार्ड नहीं होने के कारण बच्चे का स्कूल में नामांकन नहीं हो पा रहा है।
परिजनों के अनुसार, इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने पंचायत के मुखिया और पंचायत सेवक से संपर्क किया, लेकिन अब तक बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन सका है। परिवार का कहना है कि पंचायत सेवक राजेश रजक ने जन्म प्रमाण पत्र लाने के बाद आधार कार्ड बनवाने की बात कही है। वहीं, परिजनों की परेशानी यह है कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए वे पंचायत स्तर पर ही प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनका काम नहीं हो पा रहा है।

मामले को लेकर पंचायत सेवक राजेश रजक से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इस कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
अब परिजनों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक पहल करने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए, ताकि उसका स्कूल में नामांकन हो सके और उसकी पढ़ाई बाधित न हो।
![]()





