लातेहार में सामाजिक एवं भावनात्मक शिक्षा पर माइक्रो डायलॉग आयोजित
Latehar News

लातेहार में सामाजिक एवं भावनात्मक शिक्षा पर माइक्रो डायलॉग आयोजित, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर
लातेहार। संपूर्णा 2.0 परियोजना के तहत मंगलवार को प्रखंड संसाधन केंद्र, लातेहार में सामाजिक एवं भावनात्मक शिक्षा विषय पर प्रखंड स्तरीय माइक्रो डायलॉग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में सामाजिक एवं भावनात्मक कौशल विकसित करना तथा उन्हें अपनी भावनाओं को समझने, दूसरों का सम्मान करने और आत्म-नियंत्रण का महत्व सिखाना था।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि उनके सामाजिक और भावनात्मक विकास पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। बच्चों में आत्मविश्वास, संवेदनशीलता, सकारात्मक सोच और भावनात्मक संतुलन विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इस दौरान सामाजिक एवं भावनात्मक शिक्षा के नौ कौशल और छह रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों, अभिभावकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और समुदाय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनीष प्रधान का योगदान रहा। वहीं, प्रखंड साधन सेवी एवं संकुल साधन सेवियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का नेतृत्व संपूर्णा कंसोर्टियम की टीम ने किया। इसमें पिरामल फाउंडेशन की ओर से निहाल मिश्रा, तनिमा घोष, अंशु एवं नमिता, उगम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से राजकुमारी प्रधान एवं बिनीता कुमारी तथा नालंदावे फाउंडेशन की ओर से उज्ज्वल कुमार शामिल रहे।
![]()




