
प्रेम कुमार साहू की रिपोर्ट,
गुमला/घाघरा प्रखंड के नवडीहा पंचायत सचिवालय के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सत्येंद्र महतो के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया वाहनों के साथ-साथ टेंपो, ट्रक और बसों को रोककर वाहनों से संबंधित आवश्यक कागजातों की जांच की गई। जांच के क्रम में ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले चालकों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों से 2लाख 9 हजार 2सौ रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

डीटीओ सत्येंद्र महतो ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि जिन बच्चों की उम्र 18 वर्ष पूरी नहीं हुई है,उन्हें वाहन चलाने के लिए न दें।
नाबालिगों के वाहन चलाते पकड़े जाने पर संबंधित अभिभावकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।वैध ड्राइविंग लाइसेंस होने के बाद ही कोई भी वाहन चलाए।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
![]()




