
साहिबगंज। तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर मस्जिद के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार पशु चिकित्सक डॉ. दानिश को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डॉ. दानिश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, डॉ. दानिश मोटरसाइकिल से साहिबगंज से राजमहल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महाराजपुर मस्जिद के पास सामने से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल डॉ. दानिश ने बताया कि वह अपनी लेन में सावधानीपूर्वक बाइक चला रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल चिकित्सक को तत्काल साहिबगंज सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो का नंबर BR 10PB 0671 बताया जा रहा है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों और बताए गए वाहन नंबर की जांच की जा रही है।
![]()




