एसआईआर को लेकर डीईओ ने किया डिजिटाइजेशन कैंप का निरीक्षण


राहुल मिश्रा , जिला ब्यूरो पलामू
पलामू:- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले में चल रहे कार्यों की जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को समीक्षा की। उन्होंने चैनपुर प्रखंड कार्यालय एवं बन्दुवा पंचायत भवन में लगाए गए डिजिटाइजेशन कैंप का निरीक्षण कर बूथवार प्राप्त किए गए प्रपत्र-6 की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिन बूथों पर प्रपत्र-6 का कलेक्शन अपेक्षाकृत कम पाया गया, वहां संबंधित कर्मियों से कम कलेक्शन के कारणों की जानकारी ली गई। वहीं, जिन बूथों पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि संबंधित बूथ क्षेत्र के सभी योग्य नागरिकों से प्रपत्र-6 प्राप्त कर लिया गया है, वहां के बीएलओ एवं सुपरवाइजर को इसकी लिखित पुष्टि देने का निर्देश दिया गया।
बूथवार प्रपत्र-6 के कलेक्शन की ली जानकारी, योग्य मतदाताओं का नाम नहीं छूटने देने का दिया निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके भारतीय युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाना है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी बूथ क्षेत्र में कोई योग्य मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों एवं भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के अनुरूप ही पूरी की जाए।
इसके बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी लेस्लीगंज प्रखंड सभागार पहुंचे और वहां चल रहे डिजिटाइजेशन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने प्रखंड के सोनबर्षा, खैराट एवं गोराडी खास क्षेत्रों में प्रपत्र-6 के कम कलेक्शन के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान जिले का कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, यही निरीक्षण एवं समीक्षा का मुख्य उद्देश्य है। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें तथा आयोग के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें।निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक, संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
![]()




