Jharkhand News:कस्तूरबा स्कूल की पूर्व वार्डन पर FIR,छात्राओं के आरोपों के बाद संविदा भी खत्म
पतना

पतना कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पतना की पूर्व वार्डन-सह-शिक्षिका प्रिया सरिता हांसदा की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. छात्राओं से कथित मारपीट, दुर्व्यवहार, राशि मांगने और परेशान करने के आरोपों को लेकर शिक्षा विभाग की शिकायत पर रांगा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. विभागीय जांच में आरोपों का उल्लेख सामने आने के बाद उनकी संविदा भी पहले ही समाप्त की जा चुकी है.
डीसी से शिकायत के बाद खुला मामला
मामले की शुरुआत विद्यालय की कक्षा 11वीं की एक छात्रा की शिकायत से हुई. छात्रा ने साहिबगंज उपायुक्त के समक्ष पूर्व वार्डन के खिलाफ शिकायत की थी. आरोप लगाया गया था कि वार्डन ने उससे 10 हजार रुपये की मांग की और राशि नहीं देने पर उसके साथ भेदभाव किया. छात्रा ने 14 सितंबर को बाल पकड़कर खींचने और मारपीट करने का भी आरोप लगाया था.

दो दिन की जांच में छात्राओं ने बतायीं कई बातें
शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की टीम ने 16 और 17 सितंबर को विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की. इस दौरान छात्राओं से पूछताछ की गयी. जांच में छात्राओं ने पूर्व वार्डन पर कथित मारपीट, खाना नहीं देने, शौचालय बंद रखने, परेशान करने और राशि लेने सहित कई आरोप लगाये. विभागीय जांच रिपोर्ट में इन आरोपों का उल्लेख किया गया है.
जांच रिपोर्ट के बाद संविदा समाप्त
विभागीय जांच के निष्कर्षों के आधार पर शिक्षा विभाग ने प्रिया सरिता हांसदा की संविदा पहले ही समाप्त कर दी थी. अब शिक्षा विभाग की शिकायत पर रांगा थाना में कांड संख्या 89/26 दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है. शिकायत, विभागीय जांच रिपोर्ट और छात्राओं के बयानों समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
![]()




