महेशपुर में मां और डेढ़ माह की बच्ची की मौत, पहाड़ पर मिले शव
पाकुड़: लापता महिला और नवजात की लाश बरामद, जांच में जुटी पुलिस

पाकुड़/महेशपुर संवाददाता।
थाना क्षेत्र के मालधारा गांव स्थित पहाड़ी इलाके में बुधवार शाम एक महिला और उसकी डेढ़ माह की मासूम बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान कालीदाहा स्कूल टोला निवासी संतोष हांसदा की पत्नी होपनटी बेसरा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि महिला बीते रविवार तड़के करीब चार बजे अपनी नवजात बच्ची को लेकर घर से निकली थी, जिसके बाद से वह लापता थी। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। घटना के समय उसका पति संतोष हांसदा मजदूरी के लिए ओडिशा में था। पत्नी और बच्ची के गायब होने की खबर मिलते ही वह वापस गांव लौट आया और खोजबीन में शामिल हो गया।
बुधवार शाम मायके पक्ष के लोगों ने मालधारा पहाड़ पर महिला का शव देखा, जिसके पास ही बच्ची का शव भी पड़ा मिला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, एसआई दीपक कुमार, अजय कुमार महतो समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
![]()




