झामुमो का मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 28 सितंबर को पुतला दहन,पाकुड़ में होगा प्रदर्शन
Pakud News

पाकुड़। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 28 सितंबर को पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम और जिला सचिव माईकिल मुर्मू ने बताया कि यह कार्यक्रम केंद्रीय समिति के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है।
दोपहर 2 बजे जिला कार्यालय में जुटेंगे कार्यकर्ता
जारी सूचना के अनुसार सोमवार को अपराह्न 2 बजे धनुषपूजा स्थित झामुमो जिला कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र होंगे। इसके बाद जिला मुख्यालय में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप
झामुमो ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर और चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं। पार्टी का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों की चिंताओं को दरकिनार करते हुए उनकी सहमति और जानकारी के बिना कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
कथित पक्षपात के खिलाफ विरोध
पार्टी ने इन फैसलों और कथित पक्षपातपूर्ण रवैये को लेकर विरोध प्रदर्शन करने की बात कही है।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस कार्यक्रम में राजमहल सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी और लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू के विशेष रूप से मौजूद रहने की जानकारी दी गई है।
झामुमो ने जिला, प्रखंड, नगर, पंचायत और वार्ड स्तर के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समय पर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
![]()




