
बोरियो (संवाददाता):
बोरियो थाना क्षेत्र के नौगाछी पहाड़ से शुक्रवार देर रात पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान गाड़े पहाड़ निवासी 39 वर्षीय गुइयां पहाड़िया के रूप में की गई है।
प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के सिर पर गहरे घाव के निशान मिले हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उस पर कुल्हाड़ी से वार किया गया हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना के एसआई सिद्धार्थ शंकर टोप्पो, एएसआई देवनारायण साहू और बिराम मार्डी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया है।
एक व्यक्ति हिरासत में, पूछताछ जारी
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है।
![]()




