साड़म-होसिर गणेश महोत्सव के छठे दिन भव्य जागरण, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो रहे मुख्य अतिथि
Gomiya news

गोमिया: प्रखंड अंतर्गत संतोषी मंदिर के समीप साड़म-होसिर में आयोजित सात दिवसीय श्री गणेश महोत्सव के छठे दिन भव्य रात्रि जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार, आईईएल थाना प्रभारी श्याम लाल मंडल एवं खलारी के एसआई पाचुलाल यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा स्वर्गीय माधव लाल सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद श्री गणेश मंडप में पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित कर जागरण का शुभारंभ किया गया। समिति की ओर से प्रकाश लाल सिंह, सूरज लाल सिंह, आकाश लाल सिंह, मोहन मुरारी चौधरी, मनबोध दे, अनिल रवानी, देवकीनंदन राम, जयप्रकाश रविदास, सरोज चंद्रवंशी और सुभाष वर्मा ने सभी अतिथियों का पुष्पमाला, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
भक्ति संगीत से गूंज उठा साड़म बाजार
रात्रि जागरण में सुदेश सिंह एंड पार्टी (धनबाद) के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत गायक मुन्ना ने गणेश वंदना और हनुमान वंदना से की, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इसके बाद सुदेश सिंह ने अपनी दमदार गायकी और ऑक्टोपेड प्रदर्शन से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मुख्य गायिका श्वेता सिंह और श्वेता तिवारी ने भी अपने सुरों से श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। जुगनू और अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में और रंग भर दिया। संगीतकारों में संधीर प्रमाणिक और राजू केवट सहित पूरी टीम ने शानदार संगत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
भक्ति गीतों और भजनों की मनमोहक प्रस्तुति से पूरा साड़म बाजार भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे और भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का सफल संचालन अजीत नारायण प्रसाद ने किया। इस दौरान समिति के सदस्य, स्थानीय लोग और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही.
![]()




