
घाघरा (गुमला): घाघरा थाना क्षेत्र के गुनिया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमरेंद्र साहू की पत्नी सुलंती देवी ने घर में एल्बेस्टर पाइप के सहारे रस्सी से फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद परिजन महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के मायके पक्ष ने मामले को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई सुनील साहू ने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और मारपीट की घटनाएं भी होती थीं।
उन्होंने आशंका जताई है कि पहले महिला की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
निष्पक्ष जांच की मांग
मायके पक्ष ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
👉 पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
![]()




