
पाकुड़संवाददाता। हिरणपुर बाजार में खरीदारी करने पहुंचे सुंदरपुर निवासी जियाउल अंसारी का मोबाइल फोन अचानक गायब हो गया। बाजार में काफी देर तक तलाश करने के बावजूद जब फोन नहीं मिला तो उन्होंने दूसरे मोबाइल से अपने नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया।

हालांकि फोन स्विच ऑफ मिलने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई। मिली जानकारी के अनुसार, जियाउल अंसारी रविवार को खरीदारी के सिलसिले में हिरणपुर बाजार पहुंचे थे। उन्होंने क्रमशः बाजार की तीन अलग-अलग गलियों में स्थित दुकानों से सामान खरीदा। सबसे पहले वे तीन नंबर गली की एक दुकान पर गए।
इसके बाद दो नंबर गली और फिर एक नंबर गली की दुकान पर खरीदारी की। अंतिम दुकान पर सामान का ऑनलाइन भुगतान करने के लिए जब उन्होंने अपनी जेब से मोबाइल निकालना चाहा, तो फोन गायब मिला। इसके बाद उन्होंने उन सभी दुकानों और रास्तों पर मोबाइल तलाश किया, जहां वे कुछ देर पहले गए थे।
काफी खोजबीन के बाद भी मोबाइल का कोई सुराग नहीं मिला। जियाउल ने दूसरे व्यक्ति के फोन से अपने मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन दूसरी ओर से फोन बंद होने की सूचना मिली। इससे उन्हें आशंका हुई कि मोबाइल कहीं गिरने के बाद बंद हो गया है या किसी अन्य व्यक्ति के हाथ लग गया है।
उन्होंने बताया कि मोबाइल में कई जरूरी जानकारियां और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित हैं। मोबाइल नहीं मिलने से उन्हें व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग की भी चिंता सता रही है। उन्होंने मामले की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को देने की बात कही है। पुलिस से मोबाइल की तलाश में सहयोग की उम्मीद जताई गई है।
![]()





