
रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
घाघरा प्रखंड मुख्यालय के पाकर टोली में ग्रामीणों की पहल से पुराने देवी मंडप का पुनर्निर्माण कर उसे नया स्वरूप दिया गया। वर्षों पुराने इस मंडप को ग्रामीणों ने श्रमदान के माध्यम से पक्की ईंटों से जोड़ाई कर छत की ढलाई कर सुदृढ़ बनाया।

निर्माण कार्य से पूर्व पहान चंदर उरांव और समाजसेवी उमेश उरांव के नेतृत्व में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी की सहमति से स्वेच्छा से चंदा एकत्र किया गया। इसके बाद सामूहिक श्रमदान के जरिए मंडप का निर्माण कार्य पूरा किया गया।
पहान चंदर उरांव ने बताया कि यह देवी मंडप काफी पुराना था, जिसकी दीवारें मिट्टी की थीं और उस पर खपड़ा लगा हुआ था। अब इसे पक्की ईंटों से बनाकर छत की ढलाई कर दी गई है, जिससे यह मजबूत और टिकाऊ हो गया है।
निर्माण कार्य के दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीणों ने भाग लिया और सभी ने बढ़-चढ़कर श्रमदान में योगदान दिया। ग्रामीणों की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
![]()




