ब्रह्मपुत्र मेल में यात्रियों की जेब से तीन मोबाइल चोरी, आरोपी गिरफ्तार
RPF बरहरवा की त्वरित कार्रवाई, आरोपी के पास से 53,497 रुपये के मोबाइल बरामद

कोटालपोखर संवाददाता। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में सो रहे यात्रियों की जेब से मोबाइल चोरी करने के मामले में RPF बरहरवा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 53,497 रुपये बतायी गयी है।
जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर को RPF को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 15657 ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में यात्रा कर रहे दो सोये यात्रियों की जेब से तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिये गये हैं। सूचना मिलते ही RPF इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध की तलाश शुरू की।

इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मोबाइल चोरी का संदिग्ध बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर टॉयलेट के समीप बैठा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक जलेश्वर कुमार दुबे और कांस्टेबल ब्रजेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे। RPF टीम को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सलीम सेख उर्फ गोरा उर्फ छउची (25) बताया। वह कालू सेख का पुत्र है और मेंहेरुद्दीन मुंसिटोला, थाना कलियाचक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।
RPF के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने 8 सितंबर को ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में सो रहे दो यात्रियों की जेब से तीन मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद RPF ने तीनों मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
RPF इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेजों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP बरहरवा को सौंप दिया गया है। RPF की कार्रवाई से रेल यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को बल मिलने की उम्मीद है।
![]()





