‘दृश्यम:द कन्क्लूजन’से स्टारकास्ट के फर्स्ट लुक आउट,प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की एंट्री से बढ़ा सस्पेंस
अजय देवगन फिर बनेंगे विजय सलगांवकर, तब्बू और श्रेया सरन की वापसी; 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म

नई दिल्ली, 30 अगस्त। अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म के ऐलान के बाद अब मेकर्स ने इसकी मुख्य स्टारकास्ट के फर्स्ट लुक पोस्टर जारी करना शुरू कर दिया है। हर पोस्टर के साथ लिखी गई रहस्यमयी लाइनें फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर उत्सुकता और बढ़ा रही हैं।
फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। पिछले दोनों भागों में अपने परिवार को बचाने के लिए विजय ने जिस तरह पुलिस और सिस्टम को मात दी थी, अब तीसरे और अंतिम भाग में कहानी किस मोड़ पर पहुंचेगी, यह देखने के लिए दर्शक बेसब्र हैं।
अजय देवगन फिर विजय सलगांवकर
विजय सलगांवकर के फर्स्ट लुक के साथ मेकर्स ने लिखा है, “सही या गलत… जो भी हो, मैं अपनी फैमिली के लिए किसी भी हद तक जा सकता हूं।”
यह लाइन संकेत देती है कि परिवार को बचाने के लिए विजय एक बार फिर किसी भी सीमा तक जाने को तैयार है। हालांकि इस बार उसके सामने पहले से ज्यादा बड़ी चुनौती दिखाई दे रही है।

तब्बू की वापसी, इस बार मां के बदले की कहानी
फिल्म में तब्बू एक बार फिर मीरा देशमुख की भूमिका निभा रही हैं। पिछले दोनों हिस्सों में उनकी दमदार अदाकारी ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी थी। तीसरे भाग के फर्स्ट लुक में तब्बू बेहद गंभीर और आक्रामक अंदाज में दिखाई दे रही हैं।
मेकर्स ने उनके पोस्टर के साथ लिखा है, “इस चौथी फेल को पूरे सिस्टम ने अंडरएस्टिमेट किया था। अब इंसाफ नहीं, मां का बदला होगा।”
इस लाइन से संकेत मिलता है कि इस बार मीरा देशमुख की कहानी केवल जांच तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि बेटे की मौत का बदला लेने की कोशिश भी कहानी का अहम हिस्सा हो सकती है।
श्रेया सरन के किरदार पर भी मंडरा रहा खतरा
अजय देवगन की पत्नी और विजय सलगांवकर की पत्नी नंदिनी सलगांवकर के किरदार में श्रेया सरन की भी वापसी हो रही है। फर्स्ट लुक में वह काफी डरी और सहमी हुई नजर आ रही हैं।
उनके पोस्टर के साथ लिखा गया है, “इतने सालों से नॉर्मल क्या होता है, हम भूल ही गए हैं। खतरा अभी भी टला नहीं।”
इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि सलगांवकर परिवार की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं।
रजत कपूर फिर निभाएंगे महेश देशमुख का किरदार
रजत कपूर भी फिल्म में महेश देशमुख के रूप में नजर आएंगे। वह मीरा देशमुख के पति हैं। उनका किरदार कहानी में बेहद महत्वपूर्ण और पेचीदा माना जा रहा है।
महेश सच के रास्ते पर चलने वाला व्यक्ति है और जरूरत पड़ने पर अपनों के खिलाफ भी खड़ा हो सकता है। उनके फर्स्ट लुक के साथ मेकर्स ने लिखा है, “वक्त सच का दृश्य दिखा ही देता है।”
जयदीप अहलावत की एंट्री से बढ़ा रोमांच
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में अभिनेता जयदीप अहलावत की एंट्री ने कहानी को नया आयाम दे दिया है। फिल्म में वह एसपी क्राइम ब्रांच रणवीर सिंह तोमर की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म में मीरा और महेश देशमुख के बेटे की मौत की जांच की जिम्मेदारी रणवीर सिंह तोमर के हाथों में होगी। यानी इस बार विजय सलगांवकर के सामने एक ऐसा पुलिस अधिकारी होगा, जो पुराने केस की हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश करेगा।
मेकर्स ने जयदीप के फर्स्ट लुक के साथ लिखा है, “अब यह केस एसपी रणवीर सिंह तोमर की टेबल पर है और इसे खोलूंगा भी मैं और बंद भी मैं करूंगा।”
प्रकाश राज बने वकील इंद्रजीत शेट्टी
फिल्म में दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज की एंट्री भी कहानी को दिलचस्प बना रही है। वह वकील इंद्रजीत शेट्टी के किरदार में दिखाई देंगे।
फर्स्ट लुक में प्रकाश राज वकील के रौबदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके किरदार को लेकर मेकर्स ने लिखा है, “इंद्रजीत शेट्टी सिर्फ कानून नहीं जानता, उसे इस्तेमाल करना भी जानता है। पूरी सलगांवकर फैमिली को जेल भेज के रहूंगा।”
इस किरदार की एंट्री से संकेत मिलता है कि तीसरे भाग में कानूनी लड़ाई भी कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने वाली है।
2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। यह एक सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म है और इसे 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के मौके पर रिलीज किया जाएगा।
‘2 अक्टूबर’ की तारीख पहले से ही ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी में बेहद खास रही है। फिल्म के दोनों पिछले हिस्सों में यह तारीख कहानी के सबसे महत्वपूर्ण रहस्यों से जुड़ी रही है। अब तीसरे भाग में यही तारीख कहानी का अंत किस तरह करती है, यह सबसे बड़ा सवाल है।
साउथ की ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी से जुड़ी है कहानी
अजय देवगन की हिंदी ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म ‘दृश्यम’ का हिंदी रूपांतरण है। मलयालम फ्रेंचाइजी में कहानी आगे बढ़ चुकी है और अब हिंदी दर्शकों को तीसरे भाग का इंतजार है।
अजय देवगन, तब्बू, श्रेया सरन के साथ जयदीप अहलावत और प्रकाश राज जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को लेकर उम्मीदें और बढ़ा दी हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि विजय सलगांवकर इस बार भी अपने परिवार को बचा पाएगा या फिर कानून और पुलिस की नई चुनौती उसके वर्षों पुराने राज से पर्दा उठा देगी।
![]()



