गोमिया में बछड़े की मौत के बाद गौ रक्षक दल ने कराया अंतिम संस्कार
मालिक के नहीं पहुंचने पर दुकानदार ने गौ रक्षक दल को दी सूचना, युवाओं ने रिक्शे से दामोदर तट ले जाकर किया अंतिम संस्कार

गोमिया। गोमिया प्रखंड के होसिर पूर्वी पंचायत क्षेत्र अंतर्गत लरैयाटांड़ मुख्य पथ के समीप शुक्रवार की रात एक गाय के बछड़े की मौत हो गई। बछड़े की मौत के बाद चिंता का विषय यह रहा कि काफी समय बीतने के बावजूद उसका मालिक उसे खोजने या अंतिम संस्कार के लिए मौके पर नहीं पहुंचा।
बताया गया कि सड़क किनारे बछड़े का शव पड़ा देख स्थानीय दुकानदार तुलसीदास प्रसाद ने इसकी जानकारी गौ रक्षक दल के जिलाध्यक्ष, बोकारो शुभम पांडेय को दी। सूचना मिलने पर शुभम पांडेय मौके पर पहुंचे और बछड़े के अंतिम संस्कार की व्यवस्था में जुट गए।

उन्होंने जेसीबी की मदद से शव को हटाने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल कोई जेसीबी चालक इस कार्य के लिए तैयार नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने स्थानीय युवाओं के सहयोग से बछड़े के अंतिम संस्कार की व्यवस्था की।
अंत में मयंक कुमार वर्मा, सौरभ राज, नोरब कुमार, प्रीत कुमार, अमित कुमार और निखिल कुमार ने संयुक्त रूप से रिक्शे के माध्यम से बछड़े के शव को दामोदर नदी तट की ओर ले जाकर अंतिम संस्कार कराया।
स्थानीय लोगों ने युवाओं की इस पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि बछड़े के मालिक के नहीं पहुंचने के बावजूद युवाओं ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए उसके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई।
![]()




