भीमपाड़ा में सड़क से नीचे उतरी स्कॉर्पियो, बाल-बाल बचे सवार
संकरी सड़क बनी परेशानी का सबब, एक किलोमीटर में महज 10 से 12 फीट चौड़ी है सड़क; ग्रामीणों ने चौड़ीकरण की उठाई मांग

बरहरवा संवाददाता। पाकुड़-बरहरवा एनएच-133 ए के अंतर्गत बरहरवा प्रखंड क्षेत्र के भीमपाड़ा के समीप बुधवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क से नीचे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि, हादसे में वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। सड़क से गुजर रहे लोगों ने वाहन में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो गुमानी की ओर से बरहरवा जा रही थी। भीमपाड़ा के पास सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण चालक सामने से आ रहे दूसरे वाहन को साइड देने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो सड़क से नीचे उतर गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
एक किलोमीटर सड़क महज 10 से 12 फीट चौड़ी
भीमपाड़ा के पास करीब एक किलोमीटर सड़क की चौड़ाई महज 10 से 12 फीट है। सड़क संकरी होने के कारण आमने-सामने से वाहनों के गुजरने में काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की कम चौड़ाई के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में इस मार्ग पर 60 से अधिक छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की दिशा में अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
20 वर्षों से चौड़ीकरण का इंतजार
ग्रामीणों के मुताबिक, यह सड़क करीब 20 वर्षों से 10 से 12 फीट चौड़ी ही है। सड़क संकरी होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। बरहरवा, गुमानी, कोटालपोखर और पाकुड़ की ओर आने-जाने वाले वाहन कई बार घंटों फंसे रहते हैं।
एक बड़ी ट्रक के सड़क पर आने के बाद दूसरी ओर से ऑटो या टोटो का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार छोटे वाहनों को पीछे कर रास्ता बनाना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन भूमि अधिग्रहण की समस्या और मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण अब तक समाधान नहीं हो सका है।
गार्डवाल निर्माण के लिए तैयार हो रहा डीपीआर
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के निर्देश पर सहायक अभियंता के नेतृत्व में एक टीम ने भीमपाड़ा से केंचुआ नाला तक स्थल का निरीक्षण किया था। इस क्षेत्र में गार्डवाल निर्माण की योजना तैयार की जा रही है।
बताया गया कि भूमि अधिग्रहण की समस्या के कारण फिलहाल सड़क चौड़ीकरण संभव नहीं है। ऐसे में गार्डवाल का निर्माण कर सड़क को सुरक्षित बनाने और वाहनों के आवागमन को सुगम करने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि गार्डवाल निर्माण होने से संकरी सड़क पर आवागमन की समस्या कुछ हद तक कम होगी और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
![]()






