Pakud news:नकाबपोश अपराधियों ने क्रशर प्लांट में मचाया उत्पात
गार्ड से मारपीट कर हाइवा-जेसीबी में की तोड़फोड़


पाकुड़ संवाददाता/मलपहाड़ी। मलपहाड़ी ओपी क्षेत्र के बाहिरग्राम स्थित रामनगर क्रशर प्लांट में शनिवार देर रात करीब छह नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया। अपराधियों ने प्लांट में सो रहे गार्ड के साथ मारपीट की और हाइवा व जेसीबी की चाबी मांगने लगे। चाबी देने से इनकार करने पर अपराधियों ने भारी वाहनों में तोड़फोड़ कर शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना के बाद क्रशर संचालक और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
क्रशर प्लांट संचालक भारत साहा के पुत्र सुमित कुमार साहा ने बताया कि शनिवार रात करीब छह की संख्या में नकाबपोश अपराधी रामनगर क्रशर प्लांट पहुंचे थे। उस समय प्लांट बंद था और गार्ड परिसर में सो रहा था। अपराधियों ने गार्ड को जगाकर प्लांट में खड़े हाइवा और जेसीबी की चाबी मांगी। गार्ड द्वारा चाबी देने से इनकार करने पर अपराधियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद अपराधियों ने प्लांट परिसर में खड़े हाइवा और जेसीबी के शीशे तोड़ दिए। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मालपहाड़ी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस जांच में जुटी, लिखित शिकायत का इंतजार
पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्लांट प्रबंधन की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से अपराधियों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।
गाड़ियां ले जाना था मकसद या दहशत फैलाना?
घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि अपराधियों की वास्तविक मंशा क्या थी। यदि उनका उद्देश्य हाइवा और जेसीबी को लूटना था, तो वे वाहनों को लेकर फरार हो सकते थे। लेकिन अपराधियों ने केवल चाबी मांगने, मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। ऐसे में दहशत फैलाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
![]()




