सामुदायिक भवन की खिड़की-दरवाजा तोड़कर ले गए चोर, भवन का अगला हिस्सा किया ध्वस्त
सील किए गए भवन में चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

सिमरिया। प्रखंड के बानासांडी गांव में पूर्व से निर्मित सामुदायिक भवन में चोरी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने भवन में लगे खिड़की, दरवाजे और अन्य लोहे की सामग्री को तोड़कर चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, भवन के अगले हिस्से को भी तोड़कर ध्वस्त कर दिया गया है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार को लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में कुछ लोगों द्वारा सामुदायिक भवन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। इसकी शिकायत मिलने के बाद तत्कालीन एसडीओ सन्नी राज और सीओ गौरव कुमार राय ने मौके पर पहुंचकर भवन को सील कर दिया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि भवन सील होने के बावजूद कुछ लोगों ने खिड़की और दरवाजा तोड़कर निकाल लिया। इसके अलावा भवन में लगी लोहे की अन्य सामग्री भी चोरी कर ली गई। भवन के अगले हिस्से को भी तोड़कर ध्वस्त कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को आशंका है कि भवन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर रोक लग सके।
बताया गया कि उक्त सामुदायिक भवन का निर्माण प्रखंड की योजना राशि से कराया गया है।
![]()






