महेशपुर में टोटो चोरी करते बंगाल का चोर पकड़ा गया,ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर की पिटाई
एक आरोपी फरार,पुलिस ने गिरफ्तार कर शुरू की पूछताछ


पाकुड़/महेशपुर। थाना क्षेत्र के खागड़ा गांव में बीती देर रात टोटो चोरी कर भाग रहे बंगाल के एक चोर को ग्रामीणों की सजगता से पकड़ लिया गया। पकड़ा गया आरोपी मुरारोई थाना क्षेत्र के भुसना गोपालपुर निवासी शमीम शेख बताया जा रहा है, जबकि उसका साथी मुरारोई के पनियाड़ा गांव निवासी साहिबुल शेख मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने टोटो चोर शमीम शेख को टोटो के साथ पकड़कर खागड़ा गांव लाया और उसे पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही महेशपुर थाना के एएसआई नर्वदेश्वर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए महेशपुर थाना लाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टोटो मालिक राजू रविदास रोज की तरह शुक्रवार की शाम अपना टोटो घर के आंगन में खड़ा कर सो गया था। रात करीब दो बजे तक टोटो वहीं मौजूद था, लेकिन सुबह करीब तीन बजे देखा गया कि टोटो गायब है। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी खोजबीन शुरू की गई।
खोज के दौरान दुमकाडंगाल गांव के पास मुख्य सड़क पर एक टोटो बिना लाइट के तेज गति से जाते हुए दिखाई दिया। ग्रामीणों ने आवाज लगाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन चोरों ने टोटो से उन्हें धक्का मारने की कोशिश की। इसी दौरान टोटो में बैठा साहिबुल शेख कूदकर भाग निकला, जबकि शमीम शेख को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। ई-रिक्शा मालिक द्वारा लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]()




