अमड़ापाड़ा कोयला परिवहन की समीक्षा बैठक, सुरक्षित संचालन पर जोर
निर्धारित रूट से हटे वाहन पर होगी कार्रवाई, ओवरस्पीडिंग पर सख्ती और वाहनों की नियमित जांच के निर्देश


पाकुड़। पचुवाड़ा सेंट्रल माइंस कोल ब्लॉक, अमड़ापाड़ा से कोयला परिवहन को लेकर गुरुवार को यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता एसडीओ साइमन मरांडी ने की।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मुजाहिद अंसारी, एसडीपीओ कुमार गौरव सहित कोल कंपनी और ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान कोयला परिवहन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोयला परिवहन केवल निर्धारित रूट से ही किया जाएगा। यदि कोई वाहन तय मार्ग से भटकता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा कोयला परिवहन के दौरान ओवरस्पीडिंग पर पूरी तरह रोक लगाने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित वाहन चालक और वाहन मालिक की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
ट्रांसपोर्ट कंपनियों को अपने स्तर से वाहनों की नियमित तकनीकी जांच कराने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में कहा गया कि सड़क पर वाहन भेजने से पहले उनकी स्थिति की जांच जरूरी है, ताकि किसी तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके।
साथ ही अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि कोयला परिवहन के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी पक्षों को निर्धारित नियमों का पालन करने को कहा गया।
![]()




