यूपी पुलिस की राधानगर में छापेमारी,युवती बरामद व आरोपी गिरफ्तार
महाराजगंज थाना पुलिस ने राधानगर पुलिस के सहयोग से बकायटोला में की कार्रवाई, शादी के झांसे में लेकर ले जाने के मामले में आरोपी युवक को साथ ले गई यूपी पुलिस


कोटालपोखर/उधवा। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के महाराजगंज थाना की पुलिस ने गुरुवार को राधानगर थाना पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की। टीम ने राधानगर थाना क्षेत्र के बकायटोला गांव में छापेमारी कर एक युवती को सकुशल बरामद किया तथा मामले में आरोपी युवक शाहिद शेख उर्फ वाहिद को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला महाराजगंज थाना में दर्ज कांड से संबंधित है। बताया गया कि राधानगर थाना क्षेत्र के बकायटोला निवासी शाहिद शेख मुंबई में एक दुकान में काम करता था, जहां उसकी पहचान दुकान मालिक की बेटी से हुई थी।
आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर युवती को अपने साथ ले गया था। घटना इसी वर्ष मार्च माह की बताई जा रही है। बाद में वह युवती को अपने घर ले आया, जहां दोनों पिछले करीब पांच माह से साथ रह रहे थे। इस मामले में युवती के परिजनों ने महाराजगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सूचना मिली कि दोनों राधानगर थाना क्षेत्र के बकायटोला में रह रहे हैं। सूचना के आधार पर यूपी पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की और युवती को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
![]()




