ब्रेकिंग न्यूज़झारखंड समाचारलातेहारस्थानीय समाचार

लातेहार में अवैध खनन पर सख्ती, 26 वाहन जब्त, 13.11 लाख जुर्माना वसूला

लातेहार में अवैध खनन पर सख्ती, 26 वाहन जब्त, 13.11 लाख जुर्माना वसूला

लातेहार: लातेहार जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में सोमवार (22 जून 2026) को जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की गई और आगे के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 23 मई 2026 से अब तक अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध 70 निरीक्षण किए गए हैं। इस दौरान 26 वाहनों को जब्त किया गया, एक प्राथमिकी दर्ज की गई तथा कुल 13 लाख 11 हजार 270 रुपये जुर्माना वसूला गया है।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए। संबंधित पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से औचक छापेमारी चलाने, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अनियमितता पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग पर लगातार निगरानी रखते हुए नियमित जांच अभियान चलाया जाए। साथ ही खनन कार्यों में पर्यावरणीय मानकों और वैधानिक प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान जिले में संचालित बालू घाटों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि उनके क्षेत्र में किसी भी हालत में अवैध खनन न होने दिया जाए। उन्होंने दोषियों को चिन्हित कर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री प्रवेश अग्रवाल, अपर समाहर्ता श्री सलमान जफर खिजरी, अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिनेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री उमेश मंडल, जिला खनन पदाधिकारी श्री नदीम सफी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कोल कंपनियों के प्रतिनिधि, सभी अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे।

Loading

About The Author

Related Articles

Back to top button