गोमिया प्रखंड कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, आवेदकों को हाथों-हाथ मिला लर्निंग लाइसेंस

लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदकों को पहले ऑनलाइन आवेदन कर उसकी रसीद के साथ शिविर में उपस्थित होना था। निर्धारित दस्तावेजों को संलग्न कर आवेदन जमा करने के बाद आवेदकों का फोटो लिया गया तथा ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई।
गोमिया प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बोकारो जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) के कर्मचारी एवं मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से आवेदकों को हाथों-हाथ लर्निंग लाइसेंस जारी किया जा रहा था।

टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर दोनों श्रेणियों के लर्निंग लाइसेंस के लिए कुल 500 रुपये (250-250 रुपये) शुल्क जमा करना था। वहीं केवल एक श्रेणी के लर्निंग लाइसेंस के लिए 250 रुपये शुल्क निर्धारित था। इसके अतिरिक्त 25 रुपये का अतिरिक्त शुल्क भी लिया गया।
इस अवसर पर गोमिया प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौरे, प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो, एमवीआई अभय कुमार चौधरी, डीटीओ कार्यालय के सहायक रामनंदन, संतोष कुमार, गोविंद कुमार सिंह एवं मनीष कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
![]()



