बरहरवा रेलवे स्टेशन पर 115 लीटर बीयर बरामद,केले के बोरों में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
बोरों में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब

कोटालपोखर संवाददाता | बरहरवा। मालदा रेल मंडल के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अपराध खुफिया शाखा की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में बीयर बरामद की। टीम ने ट्रेन के द्वितीय अंतिम सामान्य श्रेणी के कोच के वेस्टिब्यूल में संदिग्ध अवस्था में रखे छह प्लास्टिक बोरे और ‘कश्मीर एप्पल’ लिखे दो कार्टून से कुल 230 कैन बीयर बरामद की।
जांच के दौरान कोच संख्या ईआर-132454 के वेस्टिब्यूल में रखे सामान को देखकर टीम को संदेह हुआ। बाहर से बोरे और कार्टून सामान्य सामान जैसे केले और सेब से भरे दिखाई दे रहे थे। तलाशी लेने पर इनके बीच छिपाकर रखे गये बीयर के कैन मिले। प्रत्येक कैन में 500 मिलीलीटर बीयर थी। इस हिसाब से कुल 115 लीटर बीयर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 25,300 रुपये बतायी गयी है।
जानकारी के अनुसार, अपराध खुफिया शाखा के उपनिरीक्षक नंदन कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी नूपुर बरन मिर्धा तथा बरहरवा आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान और प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षी पिनाकी सरकार की संयुक्त टीम ट्रेन संख्या 13415 की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर संदिग्ध सामान पर पड़ी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के अनुसार, कोच में मौजूद यात्रियों से सामान के संबंध में पूछताछ की गयी, लेकिन किसी भी यात्री ने उस पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद आरपीएफ के पदाधिकारी और कर्मियों की सहायता से बरामद बीयर को बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर उतारा गया।
सभी 230 बीयर कैन को लावारिस सामान के रूप में जब्त कर लिया गया। बरामद शराब के संबंध में साहेबगंज उत्पाद विभाग के निरीक्षक को सूचना दे दी गयी है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई उत्पाद विभाग द्वारा की जा रही है।
![]()






