कोटालपोखर संवाददाता। साहिबगंज शहर के जाने-माने चिकित्सक सह सूर्या सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निदेशक डॉ. विजय कुमार के भतीजे और 1998 बैच के आईएएस अधिकारी ज्ञानेश भारती को भारत सरकार ने अंडमान-निकोबार का मुख्य सचिव नियुक्त किया है। मूल रूप से बांका जिले के कटोरिया निवासी ज्ञानेश भारती प्रशासनिक सेवा में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
मुख्य सचिव बनने से पहले ज्ञानेश भारती उप मुख्य निर्वाचन आयुक्त, केंद्र सरकार में अपर सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, दिल्ली नगर निगम के आयुक्त और सेल टैक्स कमिश्नर समेत कई अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं।
साहिबगंज में पूरी की आइएससी की पढ़ाई
ज्ञानेश भारती की शिक्षा से साहिबगंज का भी गहरा जुड़ाव रहा है। डॉ. विजय कुमार के अनुसार, कटोरिया से मैट्रिक की परीक्षा पास करने के बाद ज्ञानेश ने वर्ष 1989 में भागलपुर के मारवाड़ी कॉलेज में दाखिला लिया था। इसी दौरान दंगा भड़कने के बाद वे साहिबगंज आ गए। यहां उन्होंने साहिबगंज महाविद्यालय से वर्ष 1990-92 में आइएससी की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से स्नातक की डिग्री हासिल की।
डॉ. विजय कुमार ने बताया कि साहिबगंज में पढ़ाई के दौरान ज्ञानेश भारती के बड़े भाई स्वर्गीय श्याम सुंदर वर्णवाल ने उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी संभाली थी। यही वजह है कि ज्ञानेश भारती की साहिबगंज से जुड़ी कई पुरानी यादें आज भी परिवार और परिचितों के बीच चर्चा का विषय हैं।
परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी
ज्ञानेश भारती के मुख्य सचिव नियुक्त होने पर उनके परिवार, परिचितों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। उनके बड़े भाई आनंद वर्धन उत्तराखंड के मुख्य सचिव हैं, जबकि छोटे भाई रवींद्र कुमार उर्फ टिंकूजी कटोरिया में हीरो बाइक शोरूम के प्रोपराइटर हैं।
ज्ञानेश भारती की नई जिम्मेदारी पर डॉ. अरविंद सिंह, बोदी सिन्हा, पारसनाथ राय, डॉ. सुमित, डॉ. खुशबू प्रिया समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता का लाभ अंडमान-निकोबार के प्रशासन को मिलेगा।