रिपोर्ट: निशांत कुमार सानू,
कोटालपोखर संवाददाता। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पाकुड़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन जीवन’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 2.865 किलोग्राम गांजा, 70 मिट्टी के चिलम, दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, तराजू-बटखारा समेत अन्य सामान बरामद किया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान दी।
एसपी ने बताया कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने के बाद महेशपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगलाबांध में पारू अंसारी के घर पर छापेमारी की।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर पारू अंसारी भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में उसके घर और मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 2.165 किलोग्राम गांजा, 70 मिट्टी के चिलम, दो मोटरसाइकिल, पीतल का तराजू-बटखारा, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
इस मामले में पाकुड़िया थाना कांड संख्या 60/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
महेशपुर में 700 ग्राम गांजा बरामद
इसी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महेशपुर थाना क्षेत्र के बड़कियारी हटियापाड़ा में पिंटु शेख के घर पर भी छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक की थैलियों में रखा 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया और पिंटु शेख को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में महेशपुर थाना कांड संख्या 134/2026 दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पारू अंसारी उर्फ पाड़ु अंसारी उर्फ हुसैन अंसारी, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी मोंगलाबांध, थाना पाकुड़िया तथा पिंटु शेख, निवासी बड़कियारी, थाना महेशपुर शामिल हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पहले 11 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन जीवन’ लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 से 2 अगस्त 2026 तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर नौ मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 83.30 ग्राम ब्राउन शुगर और 2.246 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया तथा 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
ताजा कार्रवाई में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी दल में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा सहित दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।