कोटालपोखर संवाददाता। बरहरवा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को विकसित भारत-जी राम जी योजना के क्रियान्वयन को लेकर प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सन्नी कुमार दास ने की। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सभी मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, बीएफटी और कंप्यूटर सहायकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित कर्मियों को योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और पंचायत स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझाते हुए जमीनी स्तर पर बेहतर तरीके से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ सन्नी कुमार दास ने कहा कि प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को गंभीरता से समझकर कार्यों में उसका सही तरीके से उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
पंचायत स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने, पात्र लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब उसका लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक समय पर और सही तरीके से पहुंचे।
मौके पर बीपीओ विजय कुमार, जेनी विभा किस्कू, बीपीआरओ अरुण साहा, फ्रांसिस किस्कू, समुद्री बासकी, संदीप कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।