बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर, कार्यकर्ताओं को दिए गए दिशा-निर्देश
बरहरवा, 26 जून
बरहरवा स्थित निशा मैरेज हॉल, बिन्दुधाम पथ में शुक्रवार को SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रशिक्षण सह संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान ने की।
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के SIR संथाल परगना प्रभारी एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अवधेश कुमार प्रजापति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में साहेबगंज जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की जिला, प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर पर समीक्षा की गई। मुख्य अतिथि ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। साथ ही कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे ग्रामीणों की हरसंभव सहायता करें और मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार एवं सत्यापन की प्रक्रिया को सरल बनाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित BLA-2 एवं अन्य कार्यकर्ताओं को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। वक्ताओं ने कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता जिम्मेदारी और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, तो कोई भी पात्र नागरिक सूची से नहीं छूटेगा।
कार्यक्रम के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. बलमुचू ने SIR अभियान की महत्ता, संगठन की रणनीति एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा किए और पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अवधेश कुमार प्रजापति ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने से युवाओं और अभिभावकों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में अनीकुल मिश्रा, कमल कुमार आर्य, मो. नसीरुद्दीन, अशोक कुमार दास, मोहम्मद कलीमुद्दीन, बासुकीनाथ यादव, सरफराज आलम, नित्यानंद गुप्ता, मोरसलीन खान, हीरालाल शाह, रंजीत टुडू, विमल देव भगत, भोलानाथ महतो, नाबीद अंजुम, निहाल अख्तर, थॉमस रॉबर्ट, मिथुन मंडल, अनंत लाल भगत, निताई सरकार, सारिक रब्बानी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।