गिरिडीह, 10 अगस्त। संयुक्त किसान मोर्चा एवं केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर देशव्यापी आंदोलन के तहत सोमवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक समर्थकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र की मोदी सरकार की किसान-मजदूर विरोधी नीतियों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर और विभिन्न वर्गों के मेहनतकश लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, बेरोजगारी चरम पर है और किसानों के लिए खेती करना चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा की भी कोई ठोस गारंटी नहीं है। छात्र और युवा पेपर लीक तथा रोजगार के अभाव से परेशान हैं।
राजेश यादव ने सरकार से चारों लेबर कोड वापस लेने, कॉर्पोरेट के हवाले किए गए सार्वजनिक उपक्रमों एवं संपत्तियों को वापस लेने और हर भूमिहीन को जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने वनाश्रित आदिवासियों एवं गरीबों को वन भूमि का पट्टा देने तथा सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति कर बेरोजगारी कम करने की भी मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर संयुक्त आह्वान के तहत ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक गिरिडीह जिले में अभियान चलाएगा। उन्होंने लोगों से अभियान से जुड़कर अपने अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।
प्रदर्शन में पार्टी नेता मनोज यादव, मेहताब अली मिर्जा, शंभू तुरी, शफीक अंसारी, राजेंद्र सिंह, मनोज मुर्मू, अर्जुन कोल, किशोरी मंडल, राजू पासवान, बालेश्वर यादव, लक्ष्मण तुरी, सिकंदर पुजहर, दिनेश राय, महेंद्र चौधरी, कामेश्वर तुरी, दुखी तुरी, अमित तुरी, युवराज कुमार, कृष्णा कुमार, नितेश तुरी, गोपाल तुरी, लक्ष्मी देवी, रीना देवी, माधुरी देवी, शांति देवी, बबीता देवी, हरखी देवी, चमेली देवी, काजल कुमारी, सविता देवी सहित अन्य मौजूद थे।