कोटालपोखर/राजमहल (संवाददाता): राजमहल थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 अंतर्गत मटियाल स्थित चहरबन्ना में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मटियाल निवासी मुख्तार शेख के पुत्र समीउल शेख के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समीउल रविवार को घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग एक पेड़ में फंस गई। पतंग निकालने के लिए वह पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ के पास से ही हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा था। पतंग निकालने के दौरान वह अचानक तार की चपेट में आ गया, जिससे उसे तेज करंट लगा। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और पेड़ से नीचे गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. उदय टुडू ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना के एसआई एस.के. तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष मो. केताबुद्दीन शेख एवं वार्ड पार्षद राजू सरकार भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। किशोर की असमय मौत से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईटेंशन बिजली का तार पेड़ के काफी करीब से गुजर रहा है, जिससे हमेशा खतरा बना रहता है। लोगों ने बिजली विभाग से तारों की स्थिति की जांच कराने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।